⚡ ब्रेकिंग News

गाजियाबाद: मीरपुर हिंदू गांव में प्रस्तावित डंपिंग ग्राउंड को लेकर बवाल, पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल

गाजियाबाद।
जनपद के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र स्थित मीरपुर हिंदू गांव में प्रस्तावित डंपिंग ग्राउंड को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और किसानों का विरोध तेज हो गया। प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की पूर्व घोषणा के चलते शुक्रवार को मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि डंपिंग ग्राउंड बनने से क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ेगा, खेती प्रभावित होगी और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने का ऐलान किया था।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने डंपिंग ग्राउंड परिसर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया और हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान पथराव भी किया गया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है।
प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस हालात पर नजर रखे हुए है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...