अंबेडकरनगर, संवाददाता।
अंजुमन अकबरिया मीरानपुर–अकबरपुर के पूर्व अध्यक्ष एवं क्षेत्र की प्रतिष्ठित शख्सियत मरहूम हाजी सैय्यद सज्जाद हुसैन इब्न सैय्यद मोहम्मद मुजाहिद मरहूम के निधन से जनपद में शोक की लहर व्याप्त है। उनके निधन का समाचार मिलते ही सामाजिक व धार्मिक हलकों में गहरा दुख देखा गया। दिवंगत के आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है, जहां विभिन्न वर्गों के लोग पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
मरहूम की स्मृति में सोयम की मजलिस का आयोजन गुरुवार, 7 मई 2026 को किया जाएगा। दिवंगत के पुत्र सैय्यद हसन अब्बास रिज़वी (अरबी) ने बताया कि यह मजलिस इमामबाड़ा मीरानपुर, अकबरपुर में प्रातः 9 बजे आयोजित होगी, जबकि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे कुरआन पाठ से होगी। उन्होंने बताया कि मजलिस में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
मजलिस को संबोधित करने के लिए प्रसिद्ध धर्मगुरु हुज्जतुल इस्लाम सैय्यद एहतेशाम अब्बास ज़ैदी साहेब अपने विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम का संचालन जनाब आरिफ अनवर अकबरपुरी साहेब करेंगे। इस अवसर पर स्थानीय उलेमा एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।
मरहूम हाजी सैय्यद सज्जाद हुसैन रिज़वी ने अपने जीवनकाल में सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंजुमन अकबरिया के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अनेक धार्मिक आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके सरल स्वभाव और सेवा भावना के कारण वे क्षेत्र में अत्यंत सम्मानित थे।
Post a Comment