बदोसराय (बाराबंकी): क्षेत्र में पेट्रोल और डीज़ल खत्म होने की अफवाह ने लोगों के बीच अचानक दहशत पैदा कर दी। मंगलवार सुबह से ही बदोसराय के सफदरगंज रोड स्थित पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी गई। लोग घबराहट में अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए लंबी कतारों में लग गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जैसे ही ईंधन की कमी की खबर फैली, वैसा ही माहौल पैनिक में बदल गया। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
इस भीड़ की एक बड़ी वजह मौजूदा समय में खड़ी फसल की कटाई भी बताई जा रही है। किसान वर्ग को डर है कि यदि ईंधन की कमी हो गई, तो कटाई और अन्य कृषि कार्य बाधित हो सकते हैं। इसी कारण उन्होंने पहले से ही डीज़ल का स्टॉक करना शुरू कर दिया।
हालांकि, प्रशासन या तेल कंपनियों की ओर से अब तक ईंधन की किसी भी कमी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
एक अफवाह ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि ऐसी खबरों की सत्यता जांचे बिना प्रतिक्रिया देना किस तरह से जनजीवन को प्रभावित कर सकता है।
Post a Comment