बाराबंकी के असानी मोड़ पर अधिवक्ता शोएब किदवई की गोली मारकर हत्या, अधिवक्ताओं में जबरदस्त आक्रोश
बाराबंकी। जनपद के असानी मोड़ पर अधिवक्ता शोएब किदवई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। बताया जा रहा है कि उन्हें तीन गोलियां मारी गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शोएब किदवई बाराबंकी न्यायालय में वकालत करते थे और लखनऊ में अपनी पत्नी व बच्चे के साथ रहते थे। घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
वारदात की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर और अस्पताल परिसर में जुट गए। अधिवक्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है और कानून-व्यवस्था को लेकर नाराज़गी जताई जा रही है। कई अधिवक्ताओं ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, उनका नाम पूर्व में मुख्तार अंसारी से जुड़े मामलों में भी सामने आया था तथा चर्चित जेलर हत्याकांड में भी चर्चा में रहा था।
पुलिस प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
Post a Comment